
रांची : झारखंड के हेमंत सोरेन की सरकार का 24 जनवरी को विस्तार होने जा रहा है. नयी दिल्ली की दौड़ के बाद लगभग नाम फाइनल हो चुका है कि मंत्रीपद किसको किसको मिलने जा रहा है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता का विधायक बनना तय है जबकि कांग्रेस के कोटे से इस बार पहली बार विधायक बनी दीपिका पांडेय सिंह को भी मंत्रीपद दिया जा रहा है. झामुमो के कोटे से छह और कांग्रेस के कोटे से कुल दो विधायक मंत्रीपद की शपथ लेंगे. गुरुवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन जाकर समय मांगा और बताया कि वे चाहते है कि मंत्रिमंडल का विस्तार करें. इसके लिए हेमंत सोरेन को समय भी मिल चुका है. बताया जाता है कि 24 जनवरी को ही साथ ही साथ मंत्रिमंडल का भी बंटवारा कर दिया जायेगा. कांग्रेस से तीन विधायक को मंत्री पद मिलना था, लेकिन राजेंद्र सिंह के नाम पर सहमति नहीं बन पायी और उनके उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए मंत्री पद नहीं दिया जा रहा है. वैसे कांग्रेस को तीन मंत्रीपद दिया जाना था, लेकिन अभी झामुमो के पास छह मंत्रीपद रहेगा. झामुमो की जहां तक बात है तो झामुमो से स्टीफन मरांडी, चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, दीपक बिरुआ और मथुरा महतो को मंत्रीपद दिया जा रहा है. झारखंड में कुल 12 मंत्रीपद है, जिसमें से कांग्रेस के रामेश्वर उरांव और आलमगीर आलम को मंत्री पद दिया जा चुका है जबकि झामुमो से खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन है जबकि राजद से एक मात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता को भी मंत्री पद दिया गया है.







