
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह निवासी एक युवती के साथ दस साल रिलेशन में रहने के बाद युवक ने मंदिर में उससे शादी की और अब साथ रखने से इंकार कर रहा है. बुधवार रात युवती अपने परिजनों के साथ शिकायत लेकर साकची स्थित महिला थाना पहुंच गई. यहां जब पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाया तो थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. जानकारी देते हुए युवती ने बताया कि युवक का नाम चरंजीत सिंह है. वह बारीडीह बस्ती का रहने वाला है. दोनों दस साल से रिलेशन में है.
छह माह पहले चरंजीत उसे गुजरात ले गया था. यहां उसने मंदिर में शादी की. इस बीच कई बार वह गर्भवती भी हुई पर चरंजीत ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करवा दिया. अब चरंजीत उसके साथ रहने से इंकार कर रहा है. युवती द्वारा थाना में शिकायत मिलेन की जानकारी मिलने पर चरंजीत फरार है. बुधवार को उसके परिजन थाना पहुंचे. महिला थाना की पुलिस ने दोनों पक्षों को गुरुवार को थाना बुलाया है.








