
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत शांतिनगर के रहने वाले युवक राकेश कुमार सिंह (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह अपने पीछे पत्नी गीता कुमारी और बेटी श्रुति को छोड़ गये है. परिवार के लोगों ने बताया कि वह पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर लिया है और उसको पुलिस बिना अपराध के गिरफ्तार करने के लिए दो बार घर आ गयी थी, जिससे शर्मिंदगी उसको महसूस हुई और उसने खुदकुशी कर ली. उसने आत्महत्या के पहले चार पन्नों का सुसाइड नोट भी छोड़ा है.

इस सुसाइट नोट में उसने लिखा है कि उसकी मुंहबोली बहन सोनी कुमारी के पति यानी मुंहबोले जीजा अविनाश सिंह 17 जनवरी को उसकी इंडिगो कार भाड़ा पर लेकर गये थे. इंडिगो कार संख्या जेएच05एपी-0487 को वह दो हजार रुपये भाड़े पर लेकर गये थे, जहां केबुल का ड्राम लेकर आया गया, जो चोरी का निकला.

उसने बताया कि वह चोरी में किसी तरह भी संलिप्त नहीं था. सुसाइड नोट में उसने कहा है कि 14 जनवरी 2020 को ही उसके मुंहबोला जीजा पहले भी गाड़ी लेकर गये थे, लेकिन कभी ऐसा नहीं हुआ, लेकिन 17 जनवरी 2020 को चोरी का सामान उसकी गाड़ी में मिल गया तो परेशानी हो गयी. पुलिस पहुंच गयी तो लगा कि अब जेल जायेंगे.

उसने कहा कि जो अपराध उसने नहीं किया है, उस अपराध की सजा उसको मिलती और बदनामी होती, जिस कारण वह मर जाना पसंद किया. उसने अपने पिता के नाम भी लिखा है कि पिता आपका नाम खराब होने नहीं देंगे और सिर उठाकर जीये क्योंकि उसने कभी गलती नहीं की है और सारे सामान को पत्नी को देने की गुजारिश पुलिस से की है.

मृतक ने अपनी पत्नी के लिए एक लाइन लिखा है कि बेटी श्रुति का अच्छे से ख्याल रखे और फिर अपने आपको ही मौत का जिम्मेदार बताकर मौत को गले लगा लिया है. हालांकि, परिवार ने कहा है कि पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर ही युवक ने आत्महत्या की है.
वैसे इस मामले में पुलिस की ओर से किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी गयी है. पुलिस मामले को लेकर चुप्पी लगाये हुुए है और कहा है कि वे लोग जांच करते है और उसी जांच का हिस्सा के तहत पुलिस उनके घर गयी होगी.








