
रांची/जमशेदपुर : बदले-बदले मेरे सरकार नजर आते है….ये गीत 70 के दशक की फिल्म चौदहवीं का चांद का है और रवि का म्यूजिक डायरेक्शन था और गीतकार शकील बदायुनी की थी और स्वर लता मंगेशकर का था, लेकिन इस गीत ने झारखंड सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता सह झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के सोमवार को किये गये कार्यों के कारण लोगों को जरूर यह गीत याद आ गया होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोलकाता से होते हुए सड़क मार्ग से वापस लौटे तो वे साहेबगंज गये और पाकुड़ भी गये. इससे पहले वे दुमका में थे. पाकुड़ में वे निकले ही थे कि अचानक से उन्होंने अपने काफिले को रुकवा दिया और फिर वहां कभी बचपन में जहां चाय की चुस्की चलती थी, वहां जाकर वे चाय पिये.

वहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पहुंचने से चायवाले ने भी उनका जोरदार स्वागत किया. कड़क चाय बना दी और फिर चाय पीकर निकल गये. मुख्यमंत्री ने यहां जनता के साथ खुलकर बातचीत की और फिर वापस भी लौट गये. साहेबगंज भी गये थे. इसी तरह जमशेदपुर में टेम्पोवाले नेता के रुप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता साकची पहुंचे. साकची ऑटो स्टैंड (टेम्पो स्टैंड) में वे अपने पुराने अड्डे पर गये तो सीधे ऑटो में बैठ गये. ऑटो वालों से उन्होंने बातचीत की. इस दौरान ऑटोवालों ने उनका अभिवादन किया और मंत्री के इतनी सहजता से हुई उपलब्धता के कारण पुराने दिनों को सारे लोगों ने याद किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की.




