जमशेदपुर : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया. पूरे राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ आयोजित मतदान संपन्न हुआ, जिसके तहत जमशेदपुर में कुल 942 मतदाताओं में से 565 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान संपन्न होने के पश्चात चुनाव के पीठासीन पदाधिकारी संतोष अग्रवाल ने मतपेटी को सील कर रांची से मुख्य चुनाव पदाधिकारी द्वारा भेजे गये दो प्रतिनिधियों को सौंप दिया. अब आगामी मंगलवार, 15 अप्रैल को रांची में एक साथ मतगणना होगी एवं चुनाव के परिणाम घोषित किये जायेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि आज रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए एक साथ मतदान आयोजित हुआ. इसके तहत हर जिले में आवश्यकतानुसार मतदान केंद्र बनाए गये थे जहां संगठन के मतदाताओं ने अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवारों, जमशेदपुर के वसंत कुमार मित्तल एवं रांची के रमेश चंद्र अग्रवाल में से अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में मत डाला. (नीचे भी पढ़ें)

चुनाव के लिए जमशेदपुर में निर्वाची पदाधिकारी संतोष अग्रवाल की देखरेख में आयोजित मतदान में शहर के कुल 942 में से 565 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान के पश्चात निर्वाची पदाधिकारी संतोष अग्रवाल ने दोनों प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों, उमेश खीरवाल एवं अंकित मोदी की उपस्थिति में मतपेटी को सील किया. इसके पश्चात सील मतपेटी रांची से मुख्य चुनाव पदाधिकारी की ओर से भेजे गये दो प्रतिनिधियों को को सौंप दी गई, जिसे वे लोग रांची ले गए. यहां मिली जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के अलावा घाटशिला में 117 में से 93, चाईबासा में कुल 233 में से 159, सरायकेला में कुल 180 में से 78, आदित्यपुर में 66 एवं चांडिल में 31 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा धनबाद में कुल 713 में से 484, गिरिडीह में कुल 314 में से 213, बोकारो में 244 में से 138, बेरमो में कुल 114 में से 71, रांची में कुल 947 में से 581, गुमला में कुल 54 में से 46, लोहरदगा में कुल 21 में से 14, हजारीबाग में कुल 183 में से 135, रामगढ़ में कुल 205 में से 110, कोडरमा में कुल 58 में से 45, देवघर में कुल 132 में से 86, दुमका में कुल 285 में से 171, जामताड़ा में कुल 31 में से 21, साहेबगंज में कुल 32 में से 29 एवं लातेहार में कुल 24 में से 23 मतदाताओं ने वोट डाले. बाकी जिलों से कुल मतदान के आंकड़े अभी प्राप्त नहीं हो पाये हैं. (नीचे भी पढ़ें)

तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान के पश्चात सभी जिलों से मतदान के बाद सील की गई मत पेटियां रांची लाई जाएंगी, जहां आगामी मंगलवार, 15 अप्रैल को सारे मतों की एक साथ गिनती होगी जिसके पश्चात चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर में प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के चुनाव के लिए मतदान को लेकर आज सुबह से ही मारवाड़ी समाज के लोगों में उत्सुकता और सरगर्मी बनी रही. चुनाव में शामिल मतदाता अपना कीमती मत डालने के साथ ही अन्य मतदाताओं का रुख परखने में मशगुल रहे. वहीं चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेवारी संभाल रहे चुनाव पदाधिकारी एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधि पूरे दिन मतदान एवं मतदाताओं पर नजर बनाये रहे.




