रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में मंगलवार की सुबह-सुबह आग लग गई, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया. यह आग मुख्यालय के धुर्वा स्थित डाटा सेंटर के ऊपर बने डेवलपमेंट रूम में लगी. शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है. इस आग की वजह से डाटा सेंटर में रखे लगभग 40 कंप्यूटर, 10 एयर कंडीशनर और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए. बाकी उपकरणों और दस्तावेजों के नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है. मामले की जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का कितना रिकॉर्ड जला है, कितना रिकवर हो सकता है, इन सारे मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय से जुड़े अधिकारी और खुद डीजीपी अनुराग गुप्ता मोनिटरिंग कर रहे है. इसको लेकर एक जांच दल और तकनीकी दल को लगाया गया है, जो इसका अनुसंधान कर रहा है और डेटा सेंटर को फिर से चालू करने पर मशक्कत कर रहा है.














