जमशेदपुर: भारत ने केन्या में आयोजित रोल बॉल अंडर-17 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में मेजबान टीम को 5-1 से हराकर विश्वविजेता का खिताब अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत में जमशेदपुर के श्रेयश शेखर ने अहम भूमिका निभाई, जिससे शहरवासियों के लिए यह गर्व का क्षण बन गया. शनिवार को श्रेयश शेखर के जमशेदपुर लौटने पर सोनारी स्थित उनके आवास पर मोहल्लेवासियों और खेल प्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत किया. श्रेयश ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया.(नीचे भी पढ़े)
वे डीएवी पब्लिक स्कूल, बिस्टूपुर के छात्र हैं और खेल में संतुलन और तेज रणनीति के लिए जाने जाते हैं.श्रेयश के पिता विजय श्रीवास्तव टाटा स्टील में कार्यरत हैं, वहीं उनके भाई अजय श्रीवास्तव भाजपा नेता हैं. परिवार और विद्यालय के सहयोग ने श्रेयश को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस जीत से न सिर्फ भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा मिली है, बल्कि श्रेयश की उपलब्धि ने झारखंड और विशेष रूप से जमशेदपुर को भी राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है. शहर में उनकी उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि श्रेयश भविष्य में और भी ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे.




