
जमशेदपुर : चक्रवाती तूफान जवाद का असर जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में दूसरे दिन भी जारी है. ओड़िशा के तटीय इलाके से चला चक्रवाती तूफान अब पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में अपना असर दिखा रहा है. बारिश और तेज हवा के साथ मौसम का मिजाज शनिवार से ही बदला हुआ है. उधर मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक चक्रवाती तूफान जवाद का असर रहने संकेत दिया था. वहीं तूफान का असर झारखंड पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के सीमावर्ती हिस्सों में देखा गया. मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में चक्रवात का असर नहीं होगा. इन जिलों को छोड़ बाकी शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. 6 नवंबर यानी सोमवार को राज्य के दक्षिण तथा उत्तर पूर्वी भागों में कहीं-कहीं बारिश की उम्मीद है. वही 7 दिसंबर से मौसम साफ रहेगा. इस दौरान सुबह में कोहरा छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक चक्रवाती तूफान का असर और रहेगा.



