
जमशेपुर : देश भर में राज्यसभा के लिए अप्रैल माह में 55 सीटे खाली हो रही है, जिसमें झारखंड राज्य में राज्यसभा की दो सीटें अप्रैल माह में खाली हो रही है. इसके लिए चुनाव आयोग ने चुनाव के लिए 26 मार्च को चुनाव की तिथि निर्धारित की है. मतदान 26 मार्च को होगा. इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से 6 मार्च को अधिसूचना जारी की जाएगी. झारखंड की दो सीटों पर चुनाव होगा. इन सीटों पर साल 2014 से निर्दलिय परिमल नाथवानी और राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) के प्रेमचंद गुप्ता चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे थे. इन दोनों का 9 अप्रैल को कार्यकाल समाप्त हो रहा है. 13 मार्च को इन सीटों के लिए उम्मीदवार अपना नामांकन करेंगे तथा 26 मार्च को मतदान होगा. उसी दिन मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी. परिमल नाथवानी का फिर से चुनाव जीतना तय है जबकि प्रेमचंद गुप्ता की जगह कांग्रेस अपना प्रत्याशी दे सकती है. वैसे प्रियंका गांधी को भी कांग्रेस इस बार राज्यसभा में भेजना चाहती है, जिसके लिए राजस्थान के अलावा झारखंड भी विकल्प के रुप में कांग्रेस लेकर चल रही है क्योंकि भाजपा के पास कुल 26 विधायक ही है जबकि दूसरा वरीयता का मत के लिए भाजपा को कम से कम 27 विधायक होना चाहिए, जिस कारण सत्ता पक्ष से ही प्रियंका गांधी या कांग्रेस-झामुमो या राजद के प्रत्याशी राज्यसभा में जा सकते है. राज्यसभा की ये 55 सीटें 17 राज्यों महाराष्ट्र, ओड़िशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, राजस्थान और मेघालय के अंतर्गत आती हैं. महाराष्ट्र में राज्यसभा की 7 सीटें रिक्त हो रही हैं जबकि ओड़िशा में राज्यसभा की चार सीटें खाली हो रही हैं.






