सरायकेला: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय फौज द्वारा पाकिस्तान में किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देशभर में भारतीय फौज के सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार को कला नगरी सरायकेला में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शामिल हुए. सरायकेला के ऐतिहासिक दुर्गाबाड़ी मैदान से शुरू होकर तिरंगा यात्रा पूरे नगर का भ्रमण कर वापस दुर्गाबाड़ी मैदान में आकर एक सभा के रूप में तब्दील हो गई. सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भारतीय सेना द्वारा चलाये गए ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है. भारतीय फौज का पराक्रम न केवल पाकिस्तान बल्कि पूरी दुनिया ने देखा. भारतीय फौज ने अपने कुशल युद्ध कला का परिचय देते हुए एक भी पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सीमा में फटने नहीं दिया. हमारी फौज ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पाकिस्तान में घुसकर आतंकी संगठनों को तबाह किया. यही कारण है कि देशभर में भारतीय फौज के सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. सरायकेला वासियों ने भी इस तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर भारतीय फौज के मनोबल को ऊंचा किया. उन्होंने भारतीय फौज एवं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया. इस मौके पर हजारों की संख्या में देशभक्त हाथों में तिरंगा लिए राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत देश भक्ति के नारे लगाते रहे.














