चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-टाटा हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. चिलगु के पास करीब सुबह आठ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमशेदपुर की ओर जा रहा ट्रक पहले एक मैजिक वाहन से टकराया. इसके बाद उसने एक बाइक को भी जोरदार टक्कर मार दी. अनियंत्रित ट्रक यहीं नहीं रुका और सड़क किनारे खड़े 35 वर्षीय जितेन दास को कुचलते हुए कुछ दूरी तक घसीटता ले गया. गंभीर चोट लगने के कारण जितेन दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक चिलगु गांव का निवासी बताया गया है. हादसे में घायल मैजिक और बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है. दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने सड़क से जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया. वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है.







