चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. चैनपुर के पास कोयला लदा हाइवा (संख्या जेएच 05सीयू0759) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे कैनाल में जा गिरा. हादसे में चालक घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हाईवा में फंसे चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. समय रहते ग्रामीणों की मदद से चालक की जान बच गई. ग्रामीणों का कहना है कि जिस पुल पर यह दुर्घटना हुई, वहां दोनों ओर गार्डवाल (सुरक्षा रेलिंग) नहीं है. इसके अलावा पुल काफी संकरा होने के कारण बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुल के दोनों ओर गार्डवाल लगाने, सड़क का चौड़ीकरण कराने तथा आवश्यक चेतावनी संकेतक स्थापित करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.




