सरायकेला : होली पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण एवं अवैध मदिरा विक्रय/परोसने की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त के निर्देशानुसार अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में रविवार संध्या 07:00 बजे से 10:00 बजे तक चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग–33 किनारे स्थित विभिन्न लाइन होटलों में सघन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल एवं गोल्डन लीफ होटल में तलाशी ली गई. जांच के क्रम में महेश होटल एवं अनन्या होटल में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसे जाने की पुष्टि होने पर संबंधित संचालकों को गिरफ्तार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उक्त मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं परोसने के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान जारी रहेगा. नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.







