सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा स्टील गम्हरिया डिवीजन के गेट नंबर-1 के पास बीती रात एक फुटपाथी दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे पूरी दुकान जलकर राख हो गई. जानकारी के अनुसार दुकान में सेफ्टी किट की बिक्री की जाती थी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान खाक हो गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी उसकी दुकान में कई बार आग लग चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा उसके साथ मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे वह पहले से ही मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान था. इस घटना के बाद वह पूरी तरह से टूट गया है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.














