सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिला के कांड्रा स्थित हरिश्चन्द्र विद्या मंदिर का संचालन एकबार फिर से वार्ष्णेय परिवार ने अपने हाथों में ले लिया है. शनिवार को स्कूल परिसर में विधि- विधान से पूजा- पाठ कर वार्ष्णेय परिवार ने स्कूल का संचालन अपने हाथों में ले लिया है. इस मौके पर सिहभूम सांसद जोबा मांझी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रही. उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो, प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह, झामुमो केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, कृष्णा बास्के, मुखिया शंकरी सिंह, रपचा मुखिया सुकमती मार्डी, पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, सोखेन हेम्ब्रम आदि मौजूद रहे. सभी अतिथियों का वार्ष्णेय परिवार के सदस्य प्रदीप कुमार कुमार वार्ष्णेय एवं राजकुमार वार्ष्णेय ने स्वागत किया. मालूम हो कि हरिश्चंद्र विद्या मंदिर की स्थापना सरायकेला ग्लास फैक्ट्री के मालिक दिवंगत हरिश्चंद्र हरिश्चन्द्र वार्ष्णेय ने 1945 में की थी. (नीचे भी पढ़े)

यह स्कूल अविभाजित बिहार के जमाने से अव्वल दर्जे का स्कूल हुआ करता था. यहां के छात्र- छात्राएं कई सरकारी और गैर सरकारी कंपनियों में ऊंचे- ऊंचे ओहदों पर काबिज हैं. एसकेजी कंपनी बंद हो जाने के बाद विद्यालय का संचालन शिक्षकों द्वारा किया जा रहा था, लेकिन शिक्षा का स्तर गिरने और विद्यालय की माली हालत खराब होने के कारण स्कूल के शिक्षकों ने कुछ जालसाज लोगों के साथ मिलकर स्कूल का सौदा कर लिया. कुछ स्थानीय लोगों को साथ मिलाकर बिल्डर जितेंद्र नाथ मिश्रा के फर्जी ट्रस्ट बनाकर स्कूल का संचालन अपने हाथों में लेने का प्रयास किया. इसकी भनक लगते ही कांड्रा वासी जागरूक हुए और बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया. शासन- प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया. अंततः बिल्डर जितेंद्र नाथ मिश्रा ने ट्रस्ट सरेंडर कर दिया. उसके बाद कांड्रा वासियों और पूर्ववर्ती छात्रों के आग्रह पर वार्ष्णेय परिवार ने स्कूल का संचालन पुनः अपने हाथों में ले लिया. शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने बीच वार्ष्णेय परिवार को पाकर प्रसन्नता जाहिर की और भरोसा जताया कि स्कूल का पुराना गौरवशाली दिन फिर से लौटेगी मौके पर कई छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक भी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़े)

इससे पूर्व अतिथियों ने दिवंगत हरिश्चंद्र वार्ष्णेय एवं उनके पुत्रों स्व. प्रेमचंद्र वार्ष्णेय एवं स्व. सुभाष चंद्र वार्ष्णेय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया. कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. अपने संबोधन में सांसद जोबा मांझी ने स्कूल का संचालन पुनः वार्ष्णेय परिवार द्वारा शुरू किए जाने पर शुभकामनाएं दी. साथ ही भरोसा दिलाया कि शासन- प्रशासन की ओर से जो भी जरूरी सहायता होगी प्रबंधन को मुहैया कराया जाएगा. वहीं विधायक सविता महतो ने भी स्कूल का संचालन पुनः वार्ष्णेय परिवार द्वारा शुरू किए जाने पर शुभकामनाएं दी. बता दे कि विधायक सविता महतो भी इसी स्कूल की छात्रा रही है. उन्होंने भी स्कूल में हुए फर्जीवाड़े का पुरजोर विरोध किया था. उधर फिर से स्कूल का संचालन वार्ष्णेय परिवार के हाथों में आने पर प्रदीप वार्ष्णेय एवं राजकुमार वार्ष्णेय ने कांड्रा वासियों के प्रति आभार जताया और भरोसा दिलाया कि स्कूल का पुराना गौरवशाली दिन फिर से लौटेगा. इसके लिए वार्ष्णेय परिवार कृतसंकल्पित है और हर हाल में यहां के छात्र- छात्राओं को उच्च कोटि की शिक्षा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. मंच का संचालन प्रभा शंकर तिवारी ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरे कांड्रा वासियों का अहम योगदान रहा.














