
सरायकेला : बीते 29 सितंबर को सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई थाना अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया शाखा में हुए चोरी की घटना का खुलासा करते हुए सरायकेला पुलिस ने तीन अपराध कर्मियों को आदित्यपुर थाना अंतर्गत नेपाली बस्ती से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी में प्रयोग किए गए सब्बल दो मोबाइल फोन सिम के साथ बरामद किए हैं. बताया जाता है कि तीनों ही अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. जानकारी देते हुए सरायकेला एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी, कि कुचाई बैंक ऑफ इंडिया शाखा में चोरी के तीनों आरोपी आदित्यपुर थाना अंतर्गत नेपाली बस्ती में छुपे हुए हैं. जिसका सत्यापन करते हुए टीम का गठन कर छापेमारी करते हुए तीनों अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार तीनों अपराधकर्मियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधकर्मियों में सुरेश सोय आदित्यपुर सलडीह बस्ती का और मोचीराम गुंदिया ओडिसा के मयूरभंज का जबकि तीसरा अपराधकर्मी हरीश सिंकू पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीनों आदित्यपुर इलाके में ही रह रहे थे.






