चांडिल: झारखंड सरकार के वन विभाग द्वारा हाथियों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को दलमा मैराथन का आयोजन किया गया. ‘रन फॉर गजराज’ नामक यह मैराथन दलमा पहाड़ की तराई में स्थित शहरबेड़ा फुटबॉल मैदान से प्रारंभ हुई. कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र की विधायिका सविता महतो, जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और गज परियोजना के उपनिदेशक सबा आलम अंसारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया. इस अवसर पर वन विभाग के कई अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सैकड़ों प्रतिभागी मौजूद रहे. मैराथन में पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़े)

प्रतिभागियों को 16 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी, जो दलमा के तराई क्षेत्र से होकर गुजरते हुए वापस शहरबेड़ा फुटबॉल मैदान में समाप्त हुई. प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. पुरुष वर्ग में लखनऊ के रवि कुमार पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश के रोहित सरोज, तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार और चौथे पर गणेश कुमार रहे जबकि पांचवें स्थान पर राजस्थान के मुकेश कुमार रहे. इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड सरकार और वन विभाग का यह सराहनीय प्रयास है, जिसके माध्यम से हाथियों के संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, डीसी नीतीश कुमार सिंह ने हाथियों के संरक्षण की दिशा में इसे एक बेहतरीन पहल बताया. उन्होंने कहा कि हाथियों के विषय में अधिक से अधिक जानने का यह एक बेहतरीन मंच है. उन्होंने कहा कि जिले का दो प्रखंड हाथियों के आतंक से जूझ रहा है इसके लिए सरकार और वन विभाग जरुरी कदम उठा रही है. इधर गज परियोजना के उपनिदेशक सबा आलम अंसारी ने बताया कि दलमा वन्यप्राणी अभयारण्य में हाथियों के संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए निरंतर पहल की जा रही है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील जूलॉजिकल सोसाइटी भी इस पहल में सहयोग कर रही है. ऐसे आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेंगे.














