सरायकेला: सरायकेला जिला कल्याण विभाग में कार्यरत लिपिक प्रेम चौधरी ने सोमवार की रात अपने घर के छत की कड़ी से लटक कर आत्महत्या कर लिया. मंगलवार की सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गई.सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है. मौका ए वारदात से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार प्रेम चौधरी (59) जिला कल्याण विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत थे. (नीचे भी पढे़ं)

अगले वर्ष में सेवा निवृत होने वाले थे. वे गेस्ट हाउस कॉलोनी में सरकारी क्वार्टर में रहते थे. उनकी एक पुत्री और एक पुत्र है, जो कहीं बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं. वे सरायकेला में अकेले रहते थे.सोमवार की रात उन्होंने अपने घर के सभी दरवाजों को खुला छोड़कर छत में लगी कड़ी के सहारे रस्सी से लटक कर अपनी जान दे दी. आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. सुसाइड नोट में क्या लिखा है इसके बारे में पुलिस ने फिलहाल जानकारी नहीं दिया है. घटना की सूचना पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा घटना स्थल पर पहुंची और पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी लिया.



