
जमशेदपुर : टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन जमशेदपुर के दौरे के दौरान आम लोगों से मिलते नजर आये. कंपनी परिसर के भीतर उन्होंने लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचाई. तस्वीरें भी लोगों की ली और हाथ मिलाकर सबका अभिनंदन भी किया. इस दौरान लोगों का प्यार देखकर एन चंद्रशेखरन काफी अभिभूत खुद हुए. श्री चंद्रशेखरन ने यहां मीडिया से संक्षिप्त तौर पर बातचीत की और कहा कि वर्तमान में चुनौतियां आर्थिक क्षेत्र में जरूर है, लेकिन इस तरह के उतार-चढ़ाव के हालात उद्योगों के पास आते रहे है. ऐसे में हमारे पास चुनौतियां काफी ज्यादा है तो चुनौतियों से लड़ने की क्षमता को भी टाटा समूह ने विकसित किया है. टाटा समूह ने द्वितीय विश्वयुद्ध जैसे हालात को भी देखा है, इस कारण चुनौतियों को लेकर हम लोग पूरी तरह तैयार है और इन सारी चुनौतियों को पार कर लेंगे. उन्होंने बताया कि आने वाला भविष्य भारत का है. भारत वर्ष 2030 तक और विकसित हो जायेगा.
भारत के लोगों की आमदनी वर्ष 2030 तक डबल हो जायेगा जबकि यहां के युवाओं के सहारे देश पूरी दुनिया में अपने आपको स्थापित करने में कामयाब होगा. उन्होंने कहा कि 2030 तक मिडिल क्लास की स्थिति और बेहतर होने जा रही है और पहले से देश और सुदृढ़ होगा. भविष्य के निवेश के बारे में चर्चा करते हुए एन चंद्रशेखरन ने कहा कि भविष्य के कारोबार को ही विकसित करते हुए नयी चुनौतियों को पार करने की कोशिश की जायेगी, जिसके लिए नये कारोबार की ओर टाटा समूह कदम उठाने जा रही है. निवेश भारत में ही करने पर टाटा समूह फोकस करेगा. विदेशों के बजाय टाटा समूह भारत में ही निवेश को आगे ले जाने की कोशिश करेगी.

टाटा स्टील 25 मिलियन टन की कंपनी बन जायेगी
टाटा संस के चेयरमैन ने कहा कि टाटा स्टील के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि टाटा स्टील आने वाले दो से तीन साल में 25 मिलियन टन तक का उत्पादन करने लगेगी. भूषण स्टील, कलिंगानगर और लांग प्रोडक्ट यानी उषा मार्टिन में निवेश हो रहा है और इसका भी उत्पादन बढ़ जायेगा. ऐसे में टाटा स्टील में निवेश जारी रखते हुए टाटा स्टील भी मजबूती से आर्थिक चुनौतियों से लड़ने में कामयाब होगा.

जमशेदपुर का विकास होगा, जमशेदपुर आना हमेशा से अच्छा लगा है
एन चंद्रशेखरन ने कहा कि जमशेदपुर का हर स्तर पर विकास टाटा समूह करती रही है. टाटा समूह का उदगम स्थल के समान जमशेदपुर है, ऐसे में जमशेदपुर आना हमेशा ही अच्छा लगता है और संस्थापक दिवस पर आने का रोमांच होता है. टाटा स्टील जमशेदपुर का विकास करती आयी है और करती रहेगी. उन्होंने कहा कि संस्थापक का बड़े पार्क, मैदान, चौड़ी सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधा जनता को मिले और उसके साथ कारोबार करने का जो मूलमंत्र रहा है, उस मंत्र के तहत ही टाटा समूह काम करती आयी है और करती रहेगी.
कोरोना वायरस से कारोबार प्रभावित, स्थिति पर नजर
श्री चंद्रशेखरन ने कहा कि कोरोना वायरस देश के लिए खतरा है. कारोबार इससे जरूर प्रभावित हो रहा है. स्थिति पर नजर रखी जा रही है. वैश्विक कारोबार पर जरूर इसका प्रतिकूल असर पड़ा है. यह हालात कब तक रहेगा और इसका असर कब तक रहेगा, यह कहा नहीं जा सकता है. हालात पर नजर रखा गया है और स्थिति पर नजर रखते हुए बेहतर विकल्पों पर काम टाटा समूह कर रही है.



