
चाईबासा : टाटा स्टील ने नोवामुंडी में जेआरडी टाटा की 116वीं जयंती मनायी। इस बार, एक ऑनलाइन इवेंट के माध्यम से महान दूरदृष्टा जेआरडी टाटा को विनम्र श्रद्धांजलि दी गयी। इस उपलक्ष्य में कंपनी कर्मचारियों एवं स्कूली के विद्यार्थियों के लिए अन्य ऑनलाइन इवेंट भी आयोजित किए गए। टाटा स्टील, नोवामुंडी में अपने-अपने विभागों में छोटा-सा समारोह आयोजित कर कंपनी के वरीय अधिकारी आरपी माली, चीफ, नोवामुंडी और पीके धल, चीफ, पी एंड एल आदि ने जेआरडी को याद किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वर्तमान कोविड-19 स्थिति को ध्यान में रखते हुए सामाजिक दूरी के नियम के साथ इस अवसर का जश्न मनाने के लिए कई ऑनलाइन गतिविधियों का आयोजन किया गया। नोआमुंडी में स्टैंडर्ड सात, आठ और नौ के विद्यार्थियों के लिए एक ऑनलाइन भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को ‘कौन सी बातें अच्छा लीडर बनाती है’ (व्हाट मेक्स अ गुड लीडर) विषय पर बोलना था और इसका एक वीडियो बनाना था। सेंट मेरीज, टाटा डीएवी और पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर से 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के नतीजे जल्दी ही घोषित कर दिए जायेंगे। नोवामुंडी में कर्मचारियों के लिए जेआरडी टाटा पर एक ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीबी सुंदररामम, वाइस प्रेसिडेंट, रॉ मैटेरियल्स, टाटा स्टील ने जेआरडी टाटा को श्रद्धांजलि आर्पित करते हुए अपने विचारों को साझा किया। उन्होंने कहा, ’’उत्कृष्टता और कार्य लोकाचार के प्रति भारत रत्न जेआरडी टाटा का जुनून अद्भुत है। वे कॉर्पोरेट वर्ल्ड के लिए एक रोल मॉडल हैं और हमेशा रहेंगे। उनके मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’’ ज्ञात हो कि जेआरडी टाटा का जन्म 29 जुलाई, 1904 को हुआ था और 1938 में वे टाटा संस के चेयरमैन बने।







