जमशेदपुर : वैश्विक कारोबार को पूरी तरह डिजिटल और सस्टेनेबल बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, टाटा स्टील ने कोयले के अपने पहले आयात शिपमेंट को इलेक्ट्रॉनिक बिल ऑफ लैडिंग (इबी/एल) के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया है. यह पारंपरिक कागजी दस्तावेज़ का डिजिटल संस्करण है, जो वैश्विक शिपिंग में उपयोग होता है और इसे बैंक से पूरी तरह जोड़ा गया है. इस महत्वपूर्ण ट्रांजेक्शन के तहत ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड से ओडिशा के धामरा पोर्ट, भारत तक कोयले का आयात किया गया. यह टाटा स्टील का पहला पेपरलेस आयात लेन-देन है, जो पूरी तरह से डिजिटल प्रक्रियाओं द्वारा समर्थित लेटर ऑफ क्रेडिट के अंतर्गत किया गया है. इस सफल लेन-देन में टाटा स्टील इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टीएस ग्लोबल प्रोक्योरमेंट, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक (सिंगापुर) और डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदाता आईसीई डिजिटल ट्रेड के इबीएल समाधान के बीच उत्कृष्ट समन्वय रहा. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट टीक्यूएम, जीएसपी और सप्लाई चेन, पीयूष गुप्ता ने कहा कि यह हमारी सप्लाई चेन को अधिक स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. (नीचे भी पढ़ें)
इबी/एल को अपनाकर हम पारंपरिक बाधाओं को दूर कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर माल परिवहन के एक नए मानक की स्थापना कर रहे हैं. यह हमारी उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें हम एक ऐसी सप्लाई चेन बनाना चाहते हैं जो न केवल कुशल और सुरक्षित हो, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भी हो. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट फाइनेंशियल कंट्रोल एवं बिज़नेस एनालिटिक्स, संदीप भट्टाचार्य ने कहा कि बैंकों और डिजिटल दस्तावेज़ों का यह सफल एकीकरण ट्रेड फाइनेंस के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे दस्तावेजों तक तेज़ पहुंच संभव होती है, कार्यकुशलता बढ़ती है और अनुपालन का स्तर भी ऊंचा होता है, जो किसी आधुनिक वित्तीय प्रणाली के लिए आवश्यक है. भौतिक कूरियर सेवाओं और कागजी कार्यवाही की आवश्यकता को समाप्त करके, यह नई प्रणाली दस्तावेज़ीकरण की प्रक्रिया को काफी तेज कर देती है, जोखिमों को कम करती है और टाटा स्टील की डिजिटलीकरण एवं पर्यावरणीय सस्टेनेबिलिटी की दिशा में की जा रही पहल को सशक्त बनाती है. सस्टेनेबल सप्लाई चेन की दिशा में अग्रणी रहते हुए, टाटा स्टील पहले से ही कम उत्सर्जन वाले जहाजों का उपयोग कर रही है और आयात शिपमेंट के लिए बायोफ्यूल एवं एलएनजी संचालित जहाजों का उपयोग लगातार बढ़ा रही है. अब इबी/एल की शुरुआत कंपनी के पर्यावरण जागरूक और भविष्य के लिए तैयार बिजनेस के तौर-तरीकों को और मजबूती देती है. आइआइसीआइ बैंक के हेड ट्रांजैक्शन बैंकिंग अनुभूति संघई ने कहा कि इबी/एल समाधान अंतरराष्ट्रीय कारोबार को तकनीक आधारित नवाचार और वैश्विक रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से बदलने के प्रति आईसीआईसीआई बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, साथ ही यह उद्योग मानकों के अनुरूप अनुपालन को भी सुनिश्चित करता है. यह हमारे ‘बैंक-टू-बैंक टेक’ के सफर का हिस्सा है, जिसमें हम एक पारंपरिक बैंक से एक तकनीक-प्रेरित बैंक टेक संस्थान की ओर अग्रसर हैं. (नीचे भी पढ़ें)
स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के एएसइएन और साउथ एशिया के हेड ट्रेट एंड वर्किंग कैपिटल और रिसीवेबल्स परचेज के ग्लोबल हेड मैसी चोंग ने कहा कि इस ऐतिहासिक लेन-देन की सफलता ट्रेड फाइनेंस के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो समयसीमा को काफी हद तक कम करती है, जोखिमों को समाप्त करती है, साथ ही पारदर्शिता को बढ़ावा देती है. यह उपलब्धि वैश्विक कारोबार में नवाचार और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, साथ ही ग्राहकों को तेज़ गति, अधिक सुरक्षा और पारदर्शिता प्रदान करने के हमारे प्रयासों को भी मजबूती देती है. अप्रैल 2021 में, टाटा स्टील ने वैश्विक इस्पात उद्योग में पहला ब्लॉकचेन-सक्षम पेपरलेस कारोबार लेन-देन सफलतापूर्वक संपन्न किया था, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएइ) के एक ग्राहक को इस्पात का निर्यात किया गया था. उसी वर्ष नवंबर में, कंपनी ने बांग्लादेश की एक प्रमुख मेटल कंपनी के साथ भी एक ब्लॉकचेन-सक्षम पेपरलेस निर्यात ऑर्डर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. टाटा स्टील ऑर्डर-से-कैश साइकल को बदलने के लिए नई तकनीकों को अपनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. कंपनी ने बांग्लादेश, यूरोप और मिडिल ईस्ट जैसे क्षेत्रों में रोड, ब्रेकबल्क और कंटेनर, इन तीनों शिपमेंट मोड्स को शामिल करते हुए ब्लॉकचेन-आधारित पेपरलेस लेन-देन को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है. सप्लाई चेन प्रबंधन और कंपनी के आपूर्तिकर्ताओं द्वारा किए जाने वाले लेन-देन को आसान बनाने के लिए कई डिजिटल पहलें पहले ही लागू की जा चुकी हैं, जैसे डिजी बिल (इनवॉइसेज़ की ई-सबमिशन के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म), मार्गदर्शक (वाहनों की ट्रैकिंग और रीरूटिंग के लिए), तथा अन्य समाधान, जो पेपरलेस, तेज़ और अधिक पारदर्शी प्रक्रियाओं को बढ़ावा दे रहे हैं.



