
जमशेदपुर : टाटा स्टील माइनिंग की सुकिंदा क्रोमाइट माइन को नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन माइनिंग इंडस्ट्रीज (एफआइएमआइ) द्वारा आयोजित अभेराज बलडोता पर्यावरण पुरस्कार और इंडिया ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग चैलेंज 2022 (आइजीएमसी) के 8वें संस्करण में रजत पदक से सम्मानित किया गया, जिसका आयोजन पिछले शुक्रवार को मुंबई में किया गया था. पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के माध्यम से सस्टेनेबल डेवलपमेंट के राष्ट्रीय लक्ष्य में माइंस के उत्कृष्ट योगदान के लिए अभेराज बलडोता पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किया गया. कंपनी की ओर से टाटा स्टील कारपोरेट अफेयर्स के चीफ मनीष मिश्रा और टाटा स्टील रेगुलेटरी अफेयर्स के हेड अंकन मित्रा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया. इंडिया ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग चैलेंज 2022 के 8 वें संस्करण में सिल्वर मेडल सस्टेनेबिलिटी पर इसकी सर्वांगीण प्रगति के लिए प्रदान किया गया. टाटा स्टील माइनिंग के सीनियर मैनेजर सुशांत कुमार मिश्रा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया. पुरस्कारों पर खुशी व्यक्त करते हुए टाटा स्टील माइनिंग के प्रबंध निदेशक, पंकज सतीजा ने कहा कि टाटा स्टील माइनिंग में, हम अपनी ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, जनजातीय संस्कृति का संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी के अन्य पहलुओं में सुधार पर काम कर रहे हैं. हमारे कर्मचारी इस प्रक्रिया के मूल में हैं, जबकि हमारी इकाइयों के आसपास के समुदाय इन उद्देश्यों को प्राप्त करने में हमारी मदद कर रहे हैं. पुरस्कार के लिए चयन के लिए मानव संसाधन, स्ट्रेटेजिक प्लानिंग, जल प्रबंधन आदि सहित बिज़नेस के सभी कार्यों को शामिल करते हुए माइंस के सभी सस्टेनेबिलिटी मापदंडों का एक संपूर्ण साइट मूल्यांकन किया गया था. आइजीएमसी का आयोजन इंटरनेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर मैन्युफैक्चरिंग आइआरआइएम द्वारा किया जा रहा है, जो अनुसंधान, परामर्श और प्रशिक्षण सेवाओं के माध्यम से भारत के विभिन्न हिस्सों में विनिर्माण उद्योग का समर्थन करने वाला एक पेशेवर निकाय है. यह प्रतिष्ठित पुरस्कार टाटा स्टील माइनिंग के संचालन में पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार और सामाजिक रूप से जागरूक हस्तक्षेपों के लिए मान्यता हैं.






