जमशेदपुर : टाटा स्टील सिक्योरिटी की टीम ने एक सफल एंटी-थेफ्ट अभियान चलाते हुए चोरी के गैर-लौह (नॉन-फेरस) धातु के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बीती देर रात रात करीब 2:14 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गयी. सूचना मिलते ही टाटा स्टील सिक्योरिटी की टीम ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी और पीछा कर अभियान चलाया. इस दौरान आदित्यपुर के पार्वती घाट निवासी 20 वर्षीय किशन सरदार को पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान सिक्योरिटी टीम ने आरोपी के पास से 27 किलो तांबा (कॉपर) बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 16,200 रुपये बताई गयी है. इसके अलावा 62 किलो पीतल (ब्रास) भी बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 27,900 रुपये आंकी गयी है. बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 44,100 रुपये है. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल जांच कराने के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर पुलिस को सौंप दिया गया. मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. टाटा स्टील सिक्योरिटी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर टीम की सतर्कता, बेहतर समन्वय और सक्रिय कार्यशैली को साबित किया है.







