
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के रिटर्निंग ऑफिसर (चुनाव पदाधिकारी) के चुनाव में सत्ता पक्ष को मुंह की खानी पड़ी है. हालांकि, उनकी इज्जत इसी बात से बच गयी कि उनके चुनाव समिति के सदस्य के तीन उम्मीदवार चुनाव जीत गये. इन सारे सात लोगों ने चुनाव जीतते ही अपना प्रभार संभाल लिया है. चुनाव जीतने के बाद ही इन लोगों ने टाटा स्टील के एचआरएम पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की. इन पदाधिकारियों ने चुनाव के लिए समय मांगा और आपसी मीटिंग करने के बाद चुनाव कराने पर रजामंदी हुई. इसके बाद इन लोगों ने यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद से चुनाव से संबंधित सारे दस्तावेजों की मांग कर दी है. चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ने अपनी कमान संभाल ली है. इसके बाद से सारे पदाधिकारियों का पावर सीज हो गया है. अब उनका कोई अधिकार नहीं है. चुनाव जीतने के बाद संतोष सिंह ने कहा कि वे चाहेंगे कि चुनाव पदाधिकारी के तौर पर निष्पक्ष चुनाव कराये. भले ही गुट विशेष का वे उम्मीदवार थे, लेकिन अब चुनाव जीतने के बाद चुनाव पारदर्शी तरीके से कराना यह जरूर हमारी चाहत है और किसी को शिकायत का मौका नहीं देंगे. जहां तक चुनाव की तिथियों की बात है तो एक से दो दिनों में चुनाव की सारी रूपरेखा तय कर लेंगे और निश्चित तौर पर चुनाव पदाधिकारी और चुनाव समिति एकजुट होकर काम करेगी. इधर चुनाव जीतने के बाद विपक्ष से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संजीव चौधरी टुन्नु ने एक बयान जारी किया है. श्री चौधरी ने कहा है कि शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए रिटर्निंग अधिकारी के चुनाव में संतोष कुमार सिंह को मतदान द्वारा भारी बहुमत से जिताने के लिए आप सभी कमेटी मेंबर भाइयों और बहनों को हार्दिक धन्यवाद. श्री संतोष के साथ ही उनको आगामी टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव संचालन में सहयोग प्रदान करने के लिए सभी छह (6) सदस्यों को बधाई देते हुए पूर्ण आश्वस्त हूँ कि उनके द्वारा संचालित चुनाव पूर्ण रूप से स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी होगा. दूसरी ओर, सत्ता पक्ष से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अरविंद पांडेय ने भी बयान जारी किया है. अरविंद पांडेय ने कहा है कि आरओ का चुनाव हुआ. आरओ के चुनाव में संतोष सिंह के साथ साथ छह सदस्यीय चुनाव समिति के उम्मीदवारों की जीत हुई है. इसमें कुछ हमारी टीम के लोग जीते तो कुछ टीम दूसरे समूह के जीते है. इस चुनाव में हमको और ताकत मिली है और इससे हम लोग और एकजुट होकर पदाधिकारी का चुनाव लड़ने में कामयाब होंगे. वैसे इस चुनाव का असर पदाधिकारियों या कमेटी मेंबरों के होने वाले चुनाव पर नहीं पड़ेगा. कमेटी मेंबरों ने हमारा साथ दिया. हम समीक्षा करेंगे कि कहां क्या कमियां रह गयी, उसको दूर करते हुए पूरी टीम आने वाले पदाधिकारी और कमेटी मेंबर के चुनाव में जीत दर्ज करेगी. उम्मीद यह करेंगे कि चुनाव पदाधिकारी और चुनाव समिति के सारे सदस्य निश्चित तौर पर पारदर्शिता से चुनाव संपादित करायेंगे. सत्ता पक्ष की मीटिंग भी इसके बाद हुई. सत्ता पक्ष की ओर से विजेता सदस्यों का अभिनंदन किया गया. पैनल के तीन विजयी प्रत्याशी नेहा महतो, पीके सिंह, एके सिंह मुखिया उपस्थित थे. उपस्थित सभी लोगों ने नई चुनाव प्रबंधन समिति को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए शुभकामनाएं दी.

टाटा वर्कर्स यूनियन बचाओ मोर्चा पीएन सिंह के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा
टाटा वर्कर्स यूनियन बचाओ मोर्चा की एक बैठक आज शाम बिस्टुपुर मे सम्पन्न हुई।बैठक में मोर्चा के नेता व टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष भास्कर राव, पूर्व सहायक सचिव आर के सिंह, कमेटी मेम्बरआर एन मिश्रा,अनिल सिंह राजीव कुमार ने घोषणा की कि टाटा वर्कर्स यूनियन का वर्तमान चुनाव हम लोग पूर्व अध्यक्ष पी एन सिंह के नेतृत्व में लड़ेंगे। बैठक में आज चुनाव पदाधिकारी का चुनाव जितने वाले चुनाव पदाधिकारी और चुनाव कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई दी गई।इसके लिए सभी कमेटी मेम्बरो को भी धन्यवाद दिया गया जिन्होंने बुद्धि विवेक का परिचय देकर चुनाव पदाधिकारी का चुनाव सम्पन्न कराया।बैठक में यह भी कहा गया कि वर्तमान चुनाव संचालन समिति संविधान सम्मत पारदर्शी निष्पक्ष चुनाव कराए। बैठक में कहा गया कि यूनियन की वर्तमान टीम ने पिछले 6 साल मे मजदूरों का बहुत नुकसान करवाया है।इन नेताओं ने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए फिर से. पी एन सिंह को वापस यूनियन मे लाना होगा।बैठक में उपस्थित नेताओं ने घर जाकर कमेटी मेम्बरो और मजदूरों से सम्पर्क करने का निर्णय लिया गया।बैठक में सतीश जी,शकील खान समेत काफी संख्या में यूनियन सदस्य और कमेटी मेम्बर उपस्थित थे।


















