सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव शुक्रवार को गांव के डैम से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डैम में मछली पकड़ने गया था. उस समय उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा, जिससे परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने डैम में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक की मां ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि यह सामान्य डूबने की घटना नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.






