रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर:पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित इलाके गोइलकेरा थाना अंतर्गत ईचाहातु गांव के पास गुरुवार की दोपहर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आकर सीआरपीएफ 60 बटालियन का एक जवान घायल हो गया. उसे इलाज के लिए चक्रधरपुर स्थित रेलवे अस्पताल भेजा गया है. जानकारी के अनुसार इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ के जवान भी शामिल थे. कुछ जवान सायतबा कैंप से बाइक पर सवार होकर ईचाहातु पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
इसी दौरान एक बाइक जमीन के नीचे लगाए गए आईईडी की जद में आ गई. बाइक पर दो जवान सवार थे. इनमें से 60 बटालियन के कांस्टेबल सीएस मणि ब्लास्ट में घायल हो गए. जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. घटना के बाद घायल जवान को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल भेजा गया. जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया है. विदित हो कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इससे पूर्व नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को समय समय पर निशाना बना रहे है, जिसमें कई जवान घायल हुए है.



