चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन धंधा अब बेलगाम हो गया है. जैंतगढ़ ओपी क्षेत्र के मुंडाई गांव में अवैध बालू ढुलाई का विरोध करने पर एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी. अब शनिवार को बालू माफिया जिला मुख्यालय चाईबासा में बालू की अवैध तरीके से दिन दहाड़े ढुलाई करते पकड़े गए. पुलिस ने बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया है. इसे थाना में लाकर रखा गया है. पुलिस इस पर अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भी सूचना दी गई है. दरअसल, कुजू नदी से बालू का अवैध खनन कर माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से उसकी ढुलाई कर रहे थे. दिनदहाड़े चाईबासा शहर के व्यस्ततम तांबो चौक से बालू लदे ट्रैक्टर पार हो रहे थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन और तस्करी धड़ल्ले से चल रही है. ग्रामीणों के विरोध के बावजूद बालू माफिया बेखौफ होकर धंधा कर रहे हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस और खनन विभाग की उदासीनता के कारण बालू माफियों के हौसले बुलंद हैं.



