
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर स्थित महिला कॉलेज में झारखंड विधानसभा निर्वाचन 2019 के तहत पोल्ड ईवीएम मशीन को सुरक्षित रखने के तथा एवं मतगणना कार्य के संपादन के उद्देश्य से स्ट्रांग रूम का निर्माण किया गया है. यह पूरा परिसर तीन स्तर के सुरक्षा घेरे में रखा गया है. सुरक्षा स्तर को देखने के उद्देश्य से सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला उपायुक्त अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने पूरे परिसर का अवलोकन किया. इसके बाद उपायुक्त ने बताया कि स्ट्रांग रूम का यह पूरा परिसर सीसीटीवी निगरानी के साथ केंद्रीय पुलिस बल एवं जिला पुलिस बल की निगहबानी में रहेगा. पुलिस अधीक्षक के साथ इसी कार्य को बेहतर बनाने एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था के उद्देश्य से पूरे परिसर का अवलोकन किया गया है. उन्होंने बताया कि परिसर में प्रवेश करने के लिए कोई भी व्यक्ति चाहे वह पदाधिकारी हो या राजनीतिक दल के प्रतिनिधि उसे अपने अधिकृत पहचान पत्र के साथ एक अन्य पहचान पत्र दिखाना होगा, तभी वह परिसर में प्रवेश पा सकेंगे. अनाधिकृत रूप से किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश करने की इजाजत नहीं रहेगी. परिसर में काम करने वाले सभी कर्मियों को भी निर्वाचन कार्यालय के द्वारा परिचय पत्र उपलब्ध करवाया गया है.

उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की निगरानी के उद्देश्य से परिसर में एक कंट्रोल रूम का निर्माण किया गया है. इस कंट्रोल रूम में मजिस्ट्रेट के साथ ही पुलिस पदाधिकारी की भी नियुक्ति की गई है, जो लगातार फुटेज की निगरानी करते रहेंगे. इसके साथ ही स्ट्रांग रूम सुरक्षा प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त सीआरपीएफ के सुरक्षा पदाधिकारी के द्वारा भी निरंतर इसकी निगरानी की जाएगी. राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए भी परिसर में कैंप का निर्माण किया गया है. इस कैंप में सीसीटीवी फुटेज का प्रसारण किया जाएगा जिससे वहां पर रह रहे प्रतिनिधि भी स्ट्रांग रूम कि गतिविधियों को देख सकेंगे. अवलोकन के क्रम में मंझगांव विधानसभा की निर्वाची पदाधिकारी सह जिला अपर उपायुक्त इंदु गुप्ता, चक्रधरपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप प्रसाद, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडेय, ईवीएम कोषांग नोडल पदाधिकारी विवेक कुमार मेहता समेत सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.






