रामगोपाल जेना, चाईबासा: मझगांव के ऐतिहासिक विश्व धरोहर बेनीसागर, बेलमा जलाशय, भगाबिला घाटी और तोरलो जलाशय को पर्यटन के रूप में विकसित करने को लेकर मझगांव विधायक निरल पूर्ति में सोमवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में अपनी बात रखी. विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का विकास सभी क्षेत्र में किया जा रहा है.पर्यटन,खेल,ग्रामीण विकास समेत अन्य सभी क्षेत्रों में राज्य तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है. पर्यटन के रूप में राज्य के 300 से अधिक क्षेत्र को चयनित किया गया है. कई पर्यटन स्थल में ग्लास ब्रिज समेत अन्य का निर्माण करने का प्रस्ताव है जो राज्य में पर्यटन को बहुत तेजी के साथ बढ़ावा देगा.(नीचे भी पढ़े)
पश्चिम सिंहभूम जिला के किरीबुरु में पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रस्ताव राज्य सरकार बढ़ा चुकी है. इसी को देखते हुए मझगांव के ऐतिहासिक बेनीसागर, बेलमा जलाशय, भगाबिला घाटी और तोरलो जलाशय को पर्यटन के रूप में विकसित करने से मझगांव विधानसभा में पर्यटन और पर्यटक दोनों काफी विकसित हो सकेगा. जिससे राज्य में राजस्व का फायदा भी होगा. झारखंड सरकार गरीबी रेखा से नीचे गुजर बसर करने वाले बीपीएल परिवार के वरिष्ठ नागरिकों को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थान का भ्रमण कराया जा रहा है. झारखंड सरकार खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है.राज्य में 41 खेल प्रशिक्षण केंद्र और 102 डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जा रहा है. राज्य में 69 नए प्रशिक्षण केंद्र खोलने का सरकार ने लक्ष्य रखा है. मझगांव विधानसभा क्षेत्र में कुमारडुंगी प्रखंड में तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र संचालित है. जिसके खिलाड़ी राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं.




