
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत हरिजन बस्ती में जमशेदपुर पूर्वी के नवनिर्वाचित विझायक सरयू राय का समर्थन करने पर भाजपा समर्थकों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में सोमवार को सरयू राय के समर्थक सीतारामडेरा थाने पहुंचे. यहां सभी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामलें में प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर प्रदर्शन किया. इस बीच मौके पर सैकड़ों की संख्या में सरयू राय के समर्थक मौजूद थे.
पीड़िता मिष्टु सोना ने बताया कि जब तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा. हालांकि दोपहर एक बजे तक सीतारामडेरा थाना के प्रभारी अरविंद कुमार थाना पहुंचे और लोगों से बातचीत की और कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा. वैसे थानेदार ने कहा है कि किसी तरह का कोई राजनीतिक मामला यह नहीं है, यह एक निजी मामला है, जिसको बेवजह तूल दिया जा रहा है.
ज्ञात हो कि रविवार रात सरयू राय के समर्थन करने पर मिष्टु सोना के साथ भाजपा के समर्थकों ने घर में घुसकर मारपीट की थी साथ ही उनकी बेटी को कमरे में ले जाकर कपड़े फाड़ दिए थे. इसको लेकर हंगामा हुआ था. रात के वक्त हुए हंगामा के बाद थानेदार ने एफआइआर तो ली थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.

सभी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे. इस मामले में मिष्टु सोना ने दीपक नायक, दिनेश नायक, शम्भु नायक और अन्य पांच छह के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी पर अब तक इस मामले में पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज करवाई है और न ही किसी को हिरासत में लिया है.







