
जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ परितोष सिंह के नेतृत्व में कोल्हान से दर्जनों युवा कांग्रेसी नेता गुरुवार को नयी दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित संसद घेराव में शामिल हुए। देश में बढ़ रही बेरोजगारी, महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि, पेगासस जासूसी कांड और कृषि कानून के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के नेतृत्व में देश भर से हजारों युवा आज संसद घेराव में शामिल हुआ। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल हुए. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रण लिया कि उद्योगपतियों के आगे नतमस्तक होकर मोदी सरकार ने जिस तरह से आम लोगों के पेट और रोजगार पर लात मारने का काम किया है आने वाले चुनाव में मोदी सरकार को देश का युवा उखाड़ फेंकने का काम करेगा. संसद घेराव के दौरान डॉ परितोष सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इस दौरान पर डॉ परितोष सिंह ने कहा कि केंद्र की सरकार हर एक मोर्चे पर विफल है। आम जनता त्राहिमाम कर रही है। मगर शीर्ष पर बैठी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है, अमीर और अमीर। यह पूंजीपतियों की सरकार देश में आर्थिक विषमता ला रही है। युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संसद घेराव में प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, दीनबंधु बोपाई, मोहम्मद नौशाद, रोहित सिंह, सहित झारखंड से अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।







