
देवघर : देवघर एसपी धनंजय प्रसाद सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 4 थाना क्षेत्र में छापेमारी कर साइबर अपराधियों के बड़े गैंग का पर्दाफाश करने में सफलता मिली है. पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम द्वारा जिला के करौं, पथरौल, कुंडा और पथरअड्डा थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पुलिस ने 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. बैंक अधिकारी होने का झांसा दे कर, ई-वॉलेट, यूपीआई के माध्यम से इनके द्वारा ग्राहकों को केवाईसी अपडेट और अन्य तरह के प्रलोभन में फंसा कर उनसे ओटीपी और आधार कार्ड नंबर मंगा लिया जाता था और उनके बैंक खाते से रक़म उड़ा लिए जाते थे. पुलिस की तत्परता से इन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. पूरी जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों में दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. बाकी गिरफ्तार अभियुक्तों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. इनके पास से पुलिस ने 27 मोबाइल फोन, 36 सिम, 15 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक, 4 चेकबुक और 1 लैपटॉप बरामद किया है. गिरफ्तार साइबर अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ कर उनसे जुड़े अन्य साइबर अपराधियों के गिरोह का सुराग खंगालने की पुलिस कोशिश कर रही है.




