रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुखलाल कुंकल ने जिले के उपायुक्त को पत्र लिख कर जिले में बालू, गिट्टी का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चलने की जानकारी देते हुए उनसे इस संबंध में सिर्फ ट्रैक्टरों पर ही कार्रवाई नहीं कर ट्रकों से हो रही ढुलाई पर भी ध्यान देने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला भाजपा उपाध्यक्ष ने डीसी को लिखे पत्र में कहा है कि जिले में भ्रमण के दौरान ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने उन्हें पूरे जिले में बालू एवं गिट्टी की अवैध ढुलाई ट्रैक्टरों एवं ट्रकों से बेरोक टोक चलने की जानकारी दी है. आये दिन अखबारों में भी इसकी खबरें आती रहती हैं. जिले में अरबों रुपयों की विकास योजनाएं इन्हीं अवैध कालाबाजारियों के बालू गिट्टी से बेधड़क चल रही हैं. उन्होंने अखबारों के जरिये इस पर रोक लगाने के लिए टास्कफोर्स गठित किये जाने की खबरें भी आती रहती हैं, किन्तु इसमें खानापूर्ति कर कुछ गरीब आदिवासियों के ट्रैक्टरों को जब्त कर कर्तव्य की इतिश्री मान ली जाती है. लेकिन इससे परिवार के भरण-पोषण के लिए लोन पर ट्रैक्टर लिये गरीब आदिवासी ट्रैक्टर का लोन भी नहीं चुका पा रहे हैं. उन्होंने ध्यान दिलाया है कि टास्कफोर्स या किसी और अधिकारी द्वारा आज तक एक भी ट्रक नहीं पकड़ा गया है, जो खनन अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाता है. तांतनगर थाने में जब्त सभी ट्रैक्टर गरीब ग्रामीण आदिवासियों के ही खड़े हैं, जबकि उस क्षेत्र से ट्रकों से ही बालू की अधिकांश अवैध ढुलाई होती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस आलोक में उन्होंने डीसी से सिर्फ मजबूरी में बालू-गिट्टी ढुलाई करने वाले ट्रैक्टरों पर ही सख्ती न अपनाते हुए इसमें लिप्त ट्रकों को भी जब्त किये जाने की मांग की है. साथ ही, उन्होंने जिले में चल रहा यह अवैध धंधा बंद कराने के लिए जिला खनन विभाग के पदधिकारियों की जांच कराकर इसमें लिप्त सरकारी कर्मचारियों को भी दंडित किये जाने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने थानों में जब्त आदिवासियों के लोन वाले ट्रैक्टरों को एक बार माफ कर छोड़ने की मांग की है, ताकि उनके परिवार पर पड़ा आर्थिक बोझ कम हो सके.














