गुमला: झारखंड के गुमला जिले में बुधवार की देर शाम एक सड़क हादसे में जगदीश दास( 45) नामक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि उनके साथ बाइक पर बैठे पंकज कुमार नामक युवक गंभीर रुप से घायल हो गए. दोनों बिहार के बेगुसराय के रहने वाले है और गुमला में किराये के मकान में रहकर टाइल्स लगाने का काम किया करते थे. दोनों गुमला के कोटाम में टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे. बुधवार को होली के कारण दोपहर करीब 1 बजे तक काम किया, इसके बाद बाइक से गुमला लौट रहे थे.(नीचे भी पढ़े)
इस क्रम में कोटाम व पनसो के बीच तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरायी. तेज रफ्तार में बाइक होने के कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि बाइक पर बैठा साथी गंभीर रुप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है. पुलिस ने शव को शीतगृह में रखवा दिया है. घायल पंकज कुमार का बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है. पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तुरंत जांच शुरू कर दी गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम परिजन के आने के बाद गुरुवार को की जाएगी. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट किया गया है कि हादसा तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ.







