रांची : झारखंड के खेलकूद, पर्यटन और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने झारखंड के गौरव, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से एक शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात के दौरान झारखंड राज्य में खेल एवं पर्यटन गतिविधियों के व्यापक विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई. बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे धोनी जी के अनुभव से राज्य में खेल और पर्यटन को नई दिशा और ऊंचाइयां दी जा सकती हैं. मंत्री ने कहा की राज्य सरकार महेंद्र सिंह धोनी के सहयोग को लेकर आश्वस्त है और उनके सहयोग से झारखंड को एक प्रमुख खेल और पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अनुभव और दृष्टिकोण से राज्य सरकार को आश्वस्त किया कि वे झारखंड में खेल और पर्यटन के क्षेत्र में विकास को गति देने में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का विश्वास है कि महेंद्र सिंह धोनी के सहयोग से झारखंड के खेल और पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी.



