सरायकेला : सरायकेला जिले के कांड्रा स्थित अमलगम पावर एंड स्टील कंपनी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. ग्रामीणों की शिकायत के बाद उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को कंपनी द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण की जांच के लिए प्रशासनिक टीम पहुंची. एसडीएम के नेतृत्व में जांच टीम में जिला खनन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जेई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और गम्हरिया अंचलाधिकारी शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)

एसडीएम निवेदिता नियति ने बताया कि डीसी के आदेश पर गठित टीम ने अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की है. सभी विभाग अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे, जिसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा. बताया जाता है कि कंपनी के प्रदूषण से कांड्रा और आसपास का इलाका प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषण के कारण सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है, खेती को नुकसान हो रहा है और पेयजल भी दूषित हो गया है. सूत्रों के अनुसार, डीसी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है. अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.



