जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के उलियान इलाके में एक महिला की सोने की चेन की छिनतई हो गयी है. छिनतई की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए. बताते हैं कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे. घटना की सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मंगलवार को पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी है.
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि कदमा थाना क्षेत्र के उलियान में विद्यासागर पथ पर स्थित साइकलिंग मधुसूदन अपार्टमेंट के रहने वाले उत्पल कुमार दत्ता की पत्नी किसी काम से बाहर गयी थीं. वह घर लौट रही थीं. तभी अपार्टमेंट के गेट के पास बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उनके गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गए. गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही कदमा में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से चेन की छिनतई कर ली थी. पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को जेल भेजा था. इसमें सोने की चेन खरीदने के बाद इसे गला कर तीन अंगूठियां बनाने वाला सोनार भी शामिल था.


















