जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र के कुंवर सिंह रोड निवासी अजय कुमार ने बिजली विभाग से जुड़े एक पंजीकृत ठेका कर्मी पर भुगतान की गई राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है. अजय कुमार के अनुसार, हाईवे क्षेत्र में उनके निर्माणाधीन भवन के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन बिजली तार गुजर रहा था. इसे हटाकर हैवेल्स के केबल लगाने की प्रक्रिया को बिजली विभाग से स्वीकृति मिली थी. इस कार्य की जिम्मेदारी विभाग से जुड़े एक पंजीकृत ठेका कर्मी को सौंपी गई थी. (नीचे भी पढ़ें)

अजय कुमार का आरोप है कि कार्य निष्पादन के लिए उन्होंने संबंधित ठेका कर्मी को कुल 2 लाख 500 रुपये का भुगतान किया था, लेकिन बाद में कार्य निर्धारित तरीके से पूरा नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के कार्यपालक स्तर के अधिकारियों द्वारा ठेका कर्मी को या तो राशि वापस करने अथवा किसी अन्य ठेकेदार के माध्यम से कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतकर्ता के मुताबिक लगातार प्रयासों के बाद ठेका कर्मी ने 1 लाख 40 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष राशि लौटाने में टालमटोल करता रहा. बाद में हर माह 10-10 हजार रुपये की किस्तों में बकाया राशि लौटाने का आश्वासन दिया गया. अजय कुमार का कहना है कि दो किस्तों में 10-10 हजार रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन इसके बाद न तो कोई और भुगतान किया गया और न ही उनके फोन कॉल का जवाब दिया गया. उन्होंने बताया कि बुधवार को बिजली विभाग के कार्यालय में अचानक उनकी मुलाकात संबंधित ठेका कर्मी से हो गई. इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद विवाद थाने तक पहुंच गया. इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि कार्यालय में दोनों पक्षों की मुलाकात हुई थी और उनके बीच कुछ बहस भी हुई थी. हालांकि उन्होंने कहा कि मामला अब पुलिस के संज्ञान में है.





