जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पीएनबी कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय चिंता कुमारी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं. इस संबंध में उनके पति अमरजीत कुमार महतो ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. बताया गया है कि 3 जून की रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था. विवाद के बाद चिंता कुमारी बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गईं और तब से वापस नहीं लौटी हैं. परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. महिला के छह माह की गर्भवती होने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई है. परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में तलाश कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
लापता महिला का हुलिया काला चेक सूट, पैर में काला हवाई चप्पल, कद लगभग 5 फीट 3 इंच, रंग सांवला तथा हिंदी और भोजपुरी बोलने वाली महिला के रूप में बताया गया है. मामले की सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को चिंता कुमारी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सोनारी थाना को सूचित करें, ताकि उन्हें जल्द और सुरक्षित ढूंढ़ा जा सके.






