जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रेम कुंज के पास सुबह की सैर पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाश द्वारा सोने की चेन छीनने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गयी. घटना के दो दिन बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनवंती देवी सुबह करीब 7 बजे मॉर्निंग वॉक कर रही थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार एक बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया. छीना-झपटी के दौरान वह सड़क पर गिर गयी, जिससे उन्हें चोटें आईं. घटना के बाद धनवंती देवी काफी सहम गयी थीं और उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल अपने परिवार को नहीं दी. रविवार को स्थानीय लोगों द्वारा घटना की चर्चा किए जाने पर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध बाइक सवार की तस्वीर कैद मिली. (नीचे भी पढ़ें)
घायल महिला के पुत्र संतोष कुमार, जो मोटर व्यवसाय से जुड़े हैं, ने रविवार देर शाम परसुडीह थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.







