जमशेदपुर : गौ सम्मान अभियान दिवस के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित एक महत्वपूर्ण प्रतिवेदन सौंपा गया. प्रतिवेदन में गौ माता को “राष्ट्रमाता” अथवा राष्ट्र में सम्मानजनक संवैधानिक एवं सांस्कृतिक दर्जा प्रदान करने, देश भर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने सहित गौ संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले के पांच लाख से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों की प्रतियां भी संलग्न कर प्रशासन के माध्यम से संबंधित संवैधानिक पदाधिकारियों तक भेजने का अनुरोध किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों से पूरे देश में गौ सम्मान हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था. इस अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, समुदायों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ. बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से हस्ताक्षर कर गौ संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:00 बजे साकची स्थित बोधि मैदान में हुई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक एकत्र हुए. उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से “श्री राम जय जय राम” महामंत्र का भजन एवं कीर्तन किया. इसके उपरांत सुबह लगभग 9:30 बजे सभी लोग भजन-कीर्तन करते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित रैली के रूप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर अभियान से जुड़े वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. समाज के प्रत्येक वर्ग ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे यह जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सका. गौ सम्मान अभियान समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न समुदायों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया. समिति ने कहा कि समाज के व्यापक सहयोग और जनसमर्थन से गौ संरक्षण एवं सम्मान का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.




