जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एचआइजी 2/1, प्रभात पार्क के पास देर रात कुछ युवकों द्वारा एक घर पर जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित राज कुमार सिंह (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय बबन सिंह ने इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थाना में दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 8 अक्टूबर की देर रात लगभग 1:15 बजे की है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आनंद झा, अनुराग देशवाल, अनिकेत तिवारी और उनका ड्राइवर अचानक उनके घर के बाहर पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
उपद्रवियों ने सबसे पहले घर के चारों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों को मोड़ दिया ताकि उनकी करतूत कैद न हो सके. इसके बाद उन्होंने परिसर में खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी (संख्या जेएच 5 इडी-2022) में जमकर तोड़फोड़ की और गाड़ी के सभी शीशे फोड़ डाले. दरवाजा तोड़ने का प्रयास, बालकनी से चढ़ने की कोशिशआरोपियों ने इसके बाद पीड़ित के घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मां-बहन के नाम पर गाली-गलौज की. विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से हमले की कोशिश की गई. पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पीछे की बालकनी से घर के अंदर घुसने का प्रयास भी किया तथा खिड़कियों के शीशों पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए. (नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को दी. जैसे ही पीसीआर वैन मौके पर पहुंची, आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकले. जाते-जाते आरोपियों ने कहा कि तुम कुछ भी कर लो, तेरी मौत लिखी जा चुकी है, तुम कभी भी बाहर निकलोगे तो बचोगे नहीं. पीड़ित राज कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है और वे ही मेहनत-मजदूरी कर अपनी मां व दो बहनों का भरण-पोषण करते हैं. घर में केवल मां और बहनें होने के कारण पूरा परिवार भय के साए में है. पीड़ित ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




