जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट को लेकर जनता दल यूनाइटेड के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा पेयजल समस्या के त्वरित एवं स्थायी समाधान की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि मानगो के विभिन्न मोहल्लों में पिछले कई दिनों से नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित है. कहीं पानी का प्रेशर बेहद कम है, तो कहीं लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. इससे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

ज्ञापन में बताया गया कि मानगो पेयजलापूर्ति योजना के मुख्य वाटर वर्क्स एवं ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित इंटकवेल के छह में से चार पंप बंद हैं. इसके अलावा बालीगुमा पानी टंकी के पाइप कनेक्शन तथा कुमरूम बस्ती स्थित पानी टंकी से कम जल प्रवाह की समस्या की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया. जदयू प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद मानगो की जनता का बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना दुर्भाग्यपूर्ण है. जब नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो उनसे पानी का बिल वसूलना भी उचित नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
जदयू ने स्पष्ट कहा कि पानी नहीं तो बिल नहीं. प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि पेयजल संकट दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा आज रात तक समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा. जदयू ने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप त्वरित कार्रवाई कर मानगो की जनता को राहत प्रदान करेगा. साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि पेयजल संकट का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो जदयू आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, शेषनाथ पाठक, मानगो नगर निगम अध्यक्ष विकास साहनी, प्रकाश कोया, दीपक गौड़, प्रेम सक्सेना, पवन सिंह, हेमंत पाठक, हरबिंदर सिंह, विनोद सिंह, अभय सिंह, चुन्नू भूमिज, बबलू कुमार, अर्जुन यादव, मुश्ताक अहमद, दिनेश कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, त्रिलोचन सिंह, बृजेंद्र सिंह, शिरीन अख्तर, नीलरंजन श्रीवास्तव, अशोक कुमार, जसपाल सिंह, गणेश चंद्रा, टुनटुन सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे.




