रामगोपाल जेना/चाईबासा : अगर आदिवासी नहीं जगे और अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटे तो दूसरे लोग हावी होंगे और हम सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सभी पीछे होते चले जाएंगे. हम सभी जीवन भर दारू-मुर्गा-हंड़िया एवं पैसे के चक्कर में वोट डालते रहेंगे और ग्रामीण तथा सामाजिक विकास कोंसो दूर रहेगा. उक्त बातें खूंटपानी ऊपरलोटा गाँव में आयोजित आदिवासी बचाओ महारैली को संबोधित करते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने कहीं. उन्होंने संपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों से समाज में बाहरी शक्तियों के प्रवेश के प्रति आगाह करते हुए कहा कि ऐसे में हमारी सामाजिक जागरूकता, शिक्षा,रोजगार तथा स्वास्थ्य के मामले में गैर जिम्मेदारी के कारण हमारा सामाजिक-आर्थिक नुकसान हो रहा है.

उन्होंने लोगों से जागरूक बनने का आह्वान करते हुए सामाजिक विकास के लिए आदिवासी हो समाज महासभा एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा से जुड़ने की अपील की. उन्होंने आदिवासी अधिकार, आदिवासी आवाज और आदिवासी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए आगामी पांच मार्च को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित आदिवासी बचाओ महारैली में शामिल होने के लिए लोगों से अनुरोध किया. इस अवसर पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा की राष्ट्रीय कमेटी के संगठन सचिव सुशील सवैयां, सदस्य कमलेश बिरुआ, ग्रामीण मुण्डा प्रताप सिंह जारिका, दिनेश पुर्ती, संजू पुर्ती, हीरामनी पाड़ेया, वरुण कुमार जारिका, अर्जुन जारिका, रामसिंह जारिका, लखीन्द्र नाथ जारिका, नरसिंह जारिका, शांति जारिका, पनमाई जारिका, लीना जारिका, सुष्मिता पाड़ेया, चांदनी जारिका आदि अनेक लोग मौजूद थे.















