जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची ठाकुरबाडी रोड स्थित महालक्ष्मी, राणीसती दादी एवं अंजनी माता मंदिर में 21 से 23 फरवरी के बीच तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में तीनों देवियों की विशेष पूजा अर्चना की जाएंगी. कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के तुतीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर किया जा रहा है. सत्यनारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी ट्रस्ट द्वारा इसकी तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. इस संबंध में मंदिर परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, सचिव प्रमोद भालोटिया ने बताया कि इस वर्ष मंदिर का तृतीय वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया है. महोत्सव का शुभारंभ 21 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे से माता अंजनी एवं बालाजी महाराज के पूजन से होगा एवं संध्या 4:00 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा. सुंदरकांड पाठ का वाचन करने के लिए महाराष्ट्र मुंबई से श्री प्रेम प्रकाश दुबे को बुलाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
22 फरवरी को माता महालक्ष्मी का पूजन होगा एवं प्रातः 10:00 बजे से माता महालक्ष्मी को 11 हजार फूलों से पुष्पार्चन होगा साथ संध्या 04:00 बजे मंदिर कमिटी से जुड़ी महिलाओं द्वारा राणी सती दादी को मेहंदी लगाने का कार्यक्रम हैं. इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी. 23 फरवरी को प्रातः 9:00 से तीनों देवियों का पूजन, चंडीपाठ एवं दोपहर 12:30 बजे से ज्योति दर्शन, दोपहर 03 बजे से महामंगल पाठ होगा. मंगलपाठ करने के लिए कोलकाता से सौरव मधुकर एंड टीम को शहर वासियों के विशेष आग्रह पर आमंत्रित किया गया हैं. (नीचे भी पढ़ें)
संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बताया गया कि पूरे मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही मंदिर को सजाने के लिए कोलाघाट के कारीगर काम कर रहें है. संवाददाता सम्मेलन के दौरान सुमन अग्रवाल, अशोक चौधरी, प्रदीप कुमार अग्रवाल, शुरेस कांवरिया, राजेश अग्रवाल, राजकुमार चंदना और अन्य लोग उपस्थित थे.
















