
Chaibasa : बारिश के कारण टोन्टो प्रखंड अंतर्गत नक्सल प्रभावित पंचायत पुरनापानी, केंजरा, नीमडीह पंचायत से मुख्य सड़क को जोड़ने वाली सड़कें और भी जर्जर व दयनीय हो गई है। स्थिति यह हो गई है कि आना-जाना मुश्किल हो गया है, वहीं एंबुलेंस तक गांव टोला के घरों तक नहीं पहुंच पा रही है।
इस आशय की जानकारी केंजरा, नीमडीह पंचायत के लोगों ने विधायक दीपक बिरुवा को दी। तब तत्काल ही विधायक श्री बिरुवा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सड़क बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। श्री बिरुवा ने कुछ सड़कों को विधायक निधि से बनाने की बात कही, वहीं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री को पत्राचार करते हुए उक्त समस्या की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना या राज्य संपोषित योजना से सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया। इसके अलावा नीमडीह पंचायत में बाढ़ के कारण बहे पुलिया का गार्डवाल को भी जल्द ठीक कराने की बात कही है, ताकि आवागमन बाधित न हो।
इन सड़कों को बनाने की विधायक ने की अनुशंसा
- चालगी, हेस्सा सुरनिया, सुंडी सुरनिया, चाड़ारप्पा तक 10 किमी सड़क।
- बड़ाकुचिया, दुंडुचू मेरेलगूटू चौक से सुंडी सुरनिया तक 5किमी सड़क।
- दुंडचू मेरेलगुटू चौक से चाड़ारप्पा, बांडीजारी होते हुए केंजरा तक 10किमी सड़क।
उक्त सभी सड़कों की खराब हालत की जानकारी देते हुए संबंधित क्षेत्र के मुंडा और मुखिया और ग्रामीणों ने विधायक दीपक बिरुवा को ज्ञापन भी सौंपते हुए सड़क बनवाने की मांग की, ताकि प्रखंड मुख्यालय से जुड़ने वाली सभी सड़कें दुरूस्त हो सके।








