
चाकुलिया : चाकुलिया वन विभाग कार्यालय से महज एक किमी दूर दीघी गांव से सटे बड़ामारा साल जंगल में एक हाथी झुंड से बिछुड़कर शरण लिए हुए है. सोमवार को शरारती तत्वों ने जंगल में आग लगा दी. जंगल में सूखा पत्ता होने के कारण आग धधक रही है. जंगल में लगी आग से हाथी भी जंगल में घिर गया है, हाथी जंगल में लगी आग के कारण बाहर निकलने का प्रयास में इधर-उधर दौड़ रहा है.

जंगल में लगी आग से हाथी के घिरे होने की सूचना पाकर वन रक्षी अरुण कुमार, बलराम सिंह मुंडा, किरण मंडल क्यूआरटी दल के साथ बड़ामारा जंगल पहुंचा. वहां यह दल आग को बुझाने का भरपूर प्रयास कर रहा है, परंतु जंगल में लगी आग बुझने का नाम नही ले रही है. जंगल की आग से हाथी को किसी प्रकार का नुकसान न हो, इसके लिए भी वन कर्मी प्रयास कर रहे हैं. क्यूआरटी दल जंगल में हाथी पर नजर रखे हुए हैं. दल द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि हाथी को किसी तरह जंगल से बाहर निकाला जाए.

वन कर्मी जंगल में लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, परंतु जंगल में सूखा पत्ता अधिक होने के कारण आग बुझने के बजाय और बढ़ती जा रही है. समाचार लिखे जाने तक हाथी जंगल में आग से घिरा हुआ है और वन कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं.








