जमशेदपुर : जमशेदपुर के एग्रिको दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा वर्ष 1948 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. शहर की इस ऐतिहासिक पूजा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी एग्रिको क्लब हाउस मैदान में भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण कार्य का भूमि पूजन 6 सितंबर को झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूजा कमेटी के संरक्षक रघुवर दास के कर-कमलों द्वारा विधिवत संपन्न हुआ. इस वर्ष एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण का बजट लगभग 15 लाख रुपए है. वहीं मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण लगभग 2 लाख रुपए की लागत से हुगला पत्ते से बेलदा, पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है. पंडाल का निर्माण कोंटाई, पश्चिम बंगाल के अनुभवी कारीगरों एवं मजदूरों द्वारा किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस बार एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक मां दुर्गा की प्रतिमा एवं विशेष मेले का आयोजन रहेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अग्निशमन उपकरण एवं फायर सेफ्टी की व्यवस्था तथा सुरक्षा गार्डों की तैनाती भी की जाएगी. एग्रिको दुर्गा पूजा कमेटी का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सुरक्षित, व्यवस्थित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए. एग्रिको दुर्गा पूजा कमेटी शहर के सभी श्रद्धालुओं से सादर आग्रह करती है कि इस दुर्गा पूजा में एग्रिको पूजा पंडाल अवश्य पधारें और मां दुर्गा के भव्य दर्शन के साथ-साथ आकर्षक पंडाल एवं मेले का आनंद लें.




