जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई पुरानी बस्ती रोड चूनाशाह कॉलोनी निवासी आर्म्स सप्लायर मोहम्मद औरंगजेब कोल्हान में बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हथियारों की सप्लाइ करने के दौरान लखीसराय स्टेशन पर पकड़ा गया है. उसने लखीसराय के एसटीएफ द्वारा की गयी पूछताछ में बताया है कि वह मुंगेर से हथियार लेकर आता था और उसकी सप्लाइ पूरे कोल्हान में करता था. जमशेदपुर के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर समेत अन्य स्थानों पर हथियारों की सप्लाइ करते थे. वे लोग आदित्यपुर और जुगसलाई में लगातार आर्म्स की सप्लाइ करने के मूड में थे. इसके लिए वे लोग मुंगेर से हथियार खरीदने गये थे. वहां से लौटते वक्त वे लोग मुंगेर के रहने वाले अफरोज के साथ पकड़े गये. आपको बता दें कि पिछले दिनों ही मोहम्मद औरंगजेब को पुलिस ने पकड़ा था. लखीसराय स्टेशन पर छापामारी कर चार पिस्तौल के साथ इन लोगों को गिरफ्तार किया था.








