जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की ओर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विभिन्न ट्रेनों को जयपुर तक विस्तार कर सकने की संभावनाओं की ओर भी ध्यान दिलाया है. चैंबर ने इसके साथ ही रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा, प्रमंडलीय रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर तरुण हुरिया एवं टाटानगर के एरिया मैनेजर को भी इससे अवगत कराया है. चैंबर के मानद महासचिव मानव केडिया ने उक्त जानकारी दी. चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि टाटानगर एवं आस-पास के क्षेत्रों में राजस्थानी लोगों की संख्या काफी अधिक है, जो अक्सर राजस्थान की यात्रा करते हैं. राजस्थान धार्मिक, पर्यटन एवं शिक्षा के दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण हो गया है और राजस्थानी लोगों के अलावा अन्य लोग भी जयपुर, जोधपुर, अजमेरशरीफ, खाटूश्याम, सालासर, झुंझनू, कोटा की यात्रा करते रहते हैं. लेकिन टाटानगर से राजस्थान तक सीधी रेल सेवा के अभाव में यहां के लोगों को यात्रा कर वहां तक जाने में काफी परेशानी होती है. इसलिए यहां के राजस्थानी लोगों के साथ ही धार्मिक यात्रा पर राजस्थान जाने वाले लोगों की टाटा से राजस्थान तक सीधी रेल सेवा की मांग काफी वर्षों से रही है, लेकिन यह मांग पूर्ण रूप से अभी तक पूरी नहीं हुई है. वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं होने से राजस्थान जाने वाले यात्रियों में असंतोष व्याप्त है. इसके मद्देनजर चैम्बर ने जयपुर तक सीधी रेल सेवा के लिए रेलमंत्री को पुनः अनुरोध कर इसे शुरू कराने का आग्रह किया है. चैंबर ने इसको लेकर रेल मंत्री को कई सुझाव भी दिये हैं, जिनमें टाटानगर से सीधी जयपुर/फुलेरा तक नई ट्रेन की व्यवस्था करने, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (ट्रेनं नं.12801-12802) को फुलेरा/जयपुर तक विस्तारित करने, या जबतक जयपुर तक के लिए सीधी रेल सेवा शुरू नहीं होती, तबतक पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का फुलेरा/जयपुर तक विस्तार करने की मांगें शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा चैंबर ने ट्रेन सं. 12403-12404 (प्रयागराज-बीकानेर ट्रेन)/ट्रेन सं. 20403-20404 को टाटानगर तक विस्तारित कर इसे अपने गंतव्य बीकानेर के लिए परिचालित करने का सुझाव देते हुए रेल मंत्री का ध्यान दिलाते हुए कहा गया है कि उक्त ट्रेन प्रयागराज में लगभग 18.30 घंटे खड़ी रहती है. इसे टाटानगर तक विस्तारित करने से राजस्थान के बीच पड़ने वाले स्टेशनों/शहरों तक जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा. (नीचे भी पढ़ें)
ट्रेन नंबर-12307 (हावड़ा-जयपुर-जोधपुर) जो कि हावड़ा से प्रतिदिन चलती है को वाया टाटानगर कम से कम सप्ताह में दो दिन चलाने या हावड़ा से जयपुर के बीच धनबाद होकर चलने वाली कई ट्रेनों, (नंबरः 12987, 12307, 12496, 22307) में से किसी एक टेªन को सप्ताह में तीन दिन टाटानगर होकर चलाने या हावड़ा-जयपुर दूरंतो ट्रेन को सप्ताह में कम से कम तीन दिन टाटानगर होकर चलाने का सुझाव भी दिया गया है.














